फरीदाबाद। डबुआ थाना क्षेत्र में 13 अक्तूबर की रात युवक सागर पर डंडों और लोहे की रॉड से हमला करने के मामले में क्राइम ब्रांच एनआईटी ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान डबुआ कॉलोनी निवासी अभिषेक और विवेक व पल्ला निवासी सौहेल के रूप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार, गाजीपुर रोड, डबुआ निवासी सागर को 13 अक्तूबर की रात 10-15 लोगों ने उस पर डंडों और रॉड से पीटा था। शिकायत के आधार पर डबुआ थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि सागर की विकास उर्फ मुन्ना और सौरव भाटी से पुरानी रंजिश थी। पुलिस के अनुसार, इसी रंजिश के चलते सौरव ने अभिषेक, विवेक, सौहेल और अन्य लोगों के साथ मिलकर सागर पर हमला किया था। आरोपियों से एक सरिया और दो डंडे बरामद किए गए हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। संवाद