कहा, पार्टी को ब्राह्मण प्रत्याशी ही लड़ाना था तो हममें क्या कांटे लगे थे
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। पृथला से भाजपा की सीट टेकचंद शर्मा को जाने पर भाजपा नेताओं ने विरोध का बिगुल बजा दिया है। टिकट हाथ से फिसलने पर इस सीट पर मौजूदा जिला उपाध्यक्ष सुखबीर मलेरना ने शुक्रवार को अपने समर्थकों की एक बैठक बुलाई। देर शाम हुई बैठक में भाजपा आलाकमान को दो दिन का अल्टीमेटम दिया है। यदि उनको टिकट नहीं दी जाती है तो 11 सितंबर को वह निर्दलीय चुनाव में उतर जाएंगे।
पृथला विधानसभा के गेस्ट हाउस में आयोजित बैठक में मौजूदा जिलाध्यक्ष सुखबीर मलेरना ने कहा कि वह पिछले 33 वर्षों से भाजपा की सेवा करते आ रहे हैं। टेकचंद शर्मा की ओर इशारा करते उन्हाेंने कहा कि हम कार्यकर्ता दरी तक बिछाते हैं और बाहर से आए प्रत्याशी को टिकट की मलाई दे जाती है। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा में कार्यकर्ताओं की नहीं सुनी जाती है। उन्होंने कहा कि जब इस सीट पर ब्राह्मण प्रत्याशी ही उतारना था तो उनमें क्या कांटे लगे थे।
उन्होंने बताया कि समाज और क्षेत्र के लोगों से उन्होंने बात की है। सभी ने भाजपा आलाकमान को दो दिन का अल्टीमेटम दिया है। यदि पार्टी उनको यहां से नहीं लड़ाती तो वह 11 को चुनावी मैदान में निर्दलीय ही उतर जाएंगे। उन्होंने कहा कि यदि पार्टी उनके साथ ऐसा बर्ताव कर रही है तो वह पार्टी के प्रत्याशी को पृथला से नहीं जीतने देंगे।