पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शहर में चोरी और लूटपाट की वारदातों पर लगाम नहीं लग रही है। ताला-चाभी बनाने वालों ने एसी नगर के एक घर से एक लाख रुपये चोरी कर लिए। कोतवाली थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। उदयवीर सिंह सागर (62) ने बताया है कि वह एससी नगर में परिवार के साथ रहते हैं। एक दिन घर की अलमारी के ताले में कुछ दिक्कत आ रही थी। 27 मार्च को उन्होंने गली में आवाज लगा रहे ताला-चाबी बनाने वाले दो युवकों को बुलाया। उन्होंने ताले को ठीक करते समय पीने के लिए पानी मांगा। साथ ही पानी पीने के बाद बिना ताले को ठीक किए झांसा देकर चले गए। मंगलवार को उन्हें पैसों की जरूरत थी। इसलिए उन्होंने अलमारी के ताले को किसी तरह तोड़ा तो देखा कि उसमें रखे एक लाख रुपये गायब थे। उदयवीर सिंह ने मंगलवार रात कोतवाली थाने में शिकायत दी। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।