मेरठ से परिवार के साथ आया था मृतक, खेडी पुल थाने के मवई गांव में थी शादी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शादी समारोह में शामिल होने आए युवक की अज्ञात लोगों ने गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस को मृतक का शव सेक्टर 12 टाउन पार्क के पास खाली मैदान में पड़ा मिला। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। मृतक मेरठ का रहने वाला है। परिवार के साथ मवई गांव में अपनी साली के लड़के की शादी में शामिल होने आया था। मृतक की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
थाना सेंट्रल प्रभारी इंस्पेक्टर योगेश कटारिया ने बताया कि मृतक की पहचान मेरठ निवासी प्यारो (35) के रूप में हुई है। वह पत्नी पूजा व बेटी के साथ खेडी पुल थाना इलाके स्थित गांव मवई में अपनी साली के लड़के की शादी की में शामिल होने आया था। शुक्रवार दोपहर सेक्टर-12 टाउन पार्क के सामने पुलिस को युवक का शव बरामद हुआ है। मृतक के गले में गमछा कसा हुआ था। घटना स्थल पर ऑटो के टायर के निशान भी मिले हैं। अंदेशा है युवक की हत्या गमछे से गला दबाकर की गई है। हत्या के बाद शव को ऑटो में डालकर सेक्टर-12 में फेंक दिया गया। मृतक के दाहिने हाथ पर ओम का टैटू बना है। हाथ पर सौम्या व त्रिशूल गुदा हुआ है। मृतक ने कोट पैंट पहन रखा है। शुरुआती जांच में सामने आया कि वारदात को कहीं दूसरी जगह पर अंजाम दिया गया है। सबूत मिटाने और पुलिस को गुमराह करने के लिए शव यहां लाकर फेंका गया है। थाना पुलिस के अलावा क्राइम ब्रांच डीएलएफ भी मामले की जांच में जुट गई है।
दिनदहाड़े शव ठिकाने लगा गए आरोपी
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शव को ऑटो में लेकर घूमते रहे। दिन के उजाले में शव को ठिकाने लगाना आसान काम नहीं था। पुलिस को जहां पर शव मिला है, वहां बच्चे क्रिकेट खेलते हैं। आसपास पूछताछ में पुलिस को पता लगा कि सुबह दस बजे तक मैदान में कोई शव नहीं था। पुलिस को शव की सूचना बारह बजे के बाद मिली यानी आरोपी शव को लेकर ठिकाने लगाने की जगह तलाश रहे थे। खाली और सुनसान जगह देखने के बाद आरोपियों ने इसे ठिकाने लगा दिया। ऑटो के टायर के निशान से अंदाजा लगाया जा रहा है कि आरोपी शव को ऑटो से लेकर आए थे। पुलिस की टीमें मवई गांव से घटनास्थल तक के सभी रूटों की बारीकी से जांच में जुट गई हैं। दावा है कि जल्द मामले को सुलझा लिया जाएगा।
-
सूटकेस में मिले शव की अभी तक पहचान नहीं
बाईपास रोड पर 11 अप्रैल को सूटकेस में बंद मिले शव की पहचान पुलिस अभी तक नहीं कर पाई है। मामला सेक्टर 31 थाने में दर्ज है। युवक के सिर में गोली मारकर हत्या की गई थी। पूरे प्रकरण में पुलिस अभी तक एक इंच भी आगे नहीं बढ़ पाई है। करीब एक माह बीत जाने के बाद भी पुलिस शव की पहचान तक नहीं कर पाई है। डीसीपी क्राइम मुकेश मल्होत्रा ने मामले की जांच में सभी क्राइम ब्रांच की टीमों को लगा रखा है। पुलिस ने आसपास के जिलों, दिल्ली व यूपी के सभी थानों में भी शव के बारे में जानकारी दे रखी है लेकिन मामला अभी तक सुलझ नहीं पाया है।