फरीदाबाद। शहर में बढ़ती गर्मी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहा। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दिन के समय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़कों पर दोपहर के समय आवाजाही कम देखी गई और लोग धूप से बचने के लिए छांव का सहारा लेते नजर आए। वहीं, बढ़ती गर्मी को देखते हुए चिकित्सकों ने लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। डॉक्टरों का कहना है कि तेज धूप में बाहर निकलने से बचें, अधिक से अधिक पानी पिएं और हल्के व सूती कपड़े पहनें। हालांकि राहत की खबर यह है कि रविवार, सोमवार और मंगलवार को बारिश के आसार जताए गए हैं, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार आज अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। संवाद