संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) की ओर से लेबर चौक से बाईपास रोड तक साइकिल ट्रैक, फुटपाथ और सौंदर्यीकरण का काम शुरू करने का निर्णय लिया गया है। इस पर तकरीबन 2.20 करोड़ रुपये की लागत से छह महीने के अंदर काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें सड़क को चौड़ा किया जाएगा।
लेबर चौक से बाईपास तक करीब 680 मीटर क्षेत्र का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इस दौरान पैदल चलने वाले लोगों के लिए फुटपाथ और साइकिल सवार के लिए ट्रैक बनाने का निर्णय लिया गया है। विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी का कहना है कि इसके लिए सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। निर्माण कार्य अगले सप्ताह से शुरू कर दिया जाएगा। वहीं, सड़क को चौड़ा भी किया जाएगा। जिससे यहां आने जाने वाले लोगों को परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े। मालूम हो कि फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण की ओर से सेक्टर 11,12 और सेक्टर 15,16 की डिवाइडिंग सड़क के किनारे साइकिल ट्रैक बनाया गया था, लेकिन साइकिल ट्रैक गायब ही हो गया। इस पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया गया है। यहां ट्रैक पर ही पार्किंग स्थल बना लिया गया है।
वर्जन
साइकिल ट्रैक बनाने के लिए सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। इसे 6 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
हरजीत सिंह, एसडीओ एफएमडीए