- 21 से 23 अगस्त तक फरीदाबाद में आयोजन, आपसी सहमति से सुलझेंगे विवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। लंबित मामलों के त्वरित निपटारे के लिए समाधान समारोह के तहत 21, 22 और 23 अगस्त को फरीदाबाद सेक्टर-12 में विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह पहल उच्चतम न्यायालय के निर्देशन में की जा रही है, जिसका उद्देश्य आपसी सहमति से मामलों का सरल और शीघ्र समाधान करना है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव जितेंद्र सिंह ने बताया कि जिन लोगों के मामले लंबित हैं, वे इस लोक अदालत में अपने केस सूचीबद्ध करवा सकते हैं। इसके लिए संबंधित प्राधिकरण से संपर्क करना होगा। प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए प्रशिक्षित मध्यस्थ प्री-लोक अदालत बैठकों के माध्यम से दोनों पक्षों के बीच सहमति बनाने का प्रयास करेंगे। इस लोक अदालत में चेक बाउंस, धन वसूली, मोटर दुर्घटना, पारिवारिक, श्रम, किराया, भूमि विवाद और भरण-पोषण जैसे मामलों की सुनवाई की जाएगी।