एडीसी ने सीएमजीजीए और शिक्षा विभाग के अधिकारियों संग की समीक्षा बैठक
विद्यार्थियों व अध्यापकों में टैबलेट पर काम करने की रुचि पैदा करने को योजना बनाई
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। अतिरिक्त उपायुक्त आनंद शर्मा ने कहा कि ई-अधिगम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नई तकनीक के इस्तेमाल के लिए समर्थ बनाना है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों व अध्यापकों में टैबलेट का प्रयोग व उस पर काम करने की रुचि पैदा करने के लिए एक विशेष योजना बनाई गई है। एडीसी ने मंगलवार को दोपहर बाद अपने कार्यालय में सीएमजीजीए और शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ टैबलेट के जरिए ऑनलाइन प्लेटफार्म प्रणाली पर किए जा रहे होमवर्क को लेकर समीक्षा बैठक की।
एडीसी ने कहा कि टैबलेट पर काम करने वाले छात्रों और शिक्षकों को इनाम मिलेगा। वहीं, सरकार द्वारा नई शिक्षा नीति के तहत पीएमश्री स्कूलों पर करोड़ों रुपये की धनराशि खर्च की जाएगी। एडीसी आनंद शर्मा ने कहा कि शिक्षा को डिजिटलाइज्ड करने व सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को ऑनलाइन शिक्षा प्रणाली से जोड़ने के लिए सरकार की ओर से ई-अधिगम योजना के तहत टैबलेट वितरित किए गए हैं। मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी आशीष जैन ने बताया कि शिक्षा विभाग इस योजना के तहत टैबलेट पर पीएल सॉफ्टवेयर में काम करने वाले विद्यार्थियों व अध्यापकों को राज्य स्तर के साथ साथ जिला स्तर पर भी सम्मानित करेगा। वहीं, विभाग की ओर से जिले में सभी ब्लॉक पर पीएल सॉफ्टवेयर पर सर्वश्रेष्ठ काम करने वाले चार-चार विद्यार्थियों व अध्यापकों का चयन किया जाएगा। उन्होंने आगे बताया जिला प्रशासन द्वारा ऐसे विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। वहीं, विजेता विद्यार्थियों और अध्यापकों के चयन के लिए निदेशालय की ओर से मानक नियम जारी किए हैं, इन नियमों के आधार पर ही चयन प्रक्रिया क्रियान्वित की जाएगी। अधिगम विद्यार्थियों को साप्ताहिक तीन लक्ष्य दिए गए हैं, जिसके तहत विद्यार्थियों को प्रति सप्ताह प्रति विषय में एक से अधिक घंटे के लिए टेबलेट का उपयोग करना होगा, प्रति सप्ताह प्रति विषय में दो रेमेडियल टेस्ट का प्रयास करना होगा। इसके साथ ही प्रति सप्ताह प्रति विषय में दो होमवर्क का प्रयास करना होगा। बता दें कि पीएमश्री योजना में हरियाणा के कुल 124 स्कूल शामिल हुए हैं। इसमें फरीदाबाद जिले के तीन स्कूल शामिल हैं। समीक्षा बैठक में सीएमजीजीए श्रुति शर्मा, सीएमजीजीए आशीष जैन, खण्ड शिक्षा अधिकारी मनोज मित्तल,महेन्द्र सिंह, डीसीएस धर्मेन्द्र अधाना सहित समीक्षा बैठक जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।