फोटो-
कई बार की गई शिकायत, नहीं हो रहा समस्या का निवारण
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। ग्रेटर फरीदाबाद की डिस्कवरी पार्क सोसाइटी में आए दिन लिफ्ट खराब होने की समस्या से निवासी परेशान हैं। अचानक लिफ्ट बंद हो जाने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार बच्चे और बुजुर्ग भी लिफ्ट में फंस चुके हैं, जिससे लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। निवासियों का कहना है कि सोसाइटी के हर टावर में केवल दो लिफ्ट हैं और उनमें से एक या दोनों के खराब होने पर घंटों तक समस्या बनी रहती है। निवासियों के अनुसार शिकायत करने के बाद रखरखाव टीम मौके पर पहुंचती है, लेकिन लिफ्ट को दो से चार घंटे बाद ही चालू किया जाता है। इस दौरान लोगों को सीढ़ियों का सहारा लेना पड़ता है। रोजाना हो रही इस परेशानी से निवासी बेहद नाराज हैं। लोगों का कहना है कि लिफ्ट की सही तरीके से देखरेख नहीं होने के कारण यह समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। उनका कहना है कि अगर समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। निवासियों ने सोसाइटी प्रबंधन से लिफ्टों की नियमित जांच और जल्द मरम्मत की मांग की है।
निवासियों से बातचीत
सोसाइटी में छोटे बच्चे भी लिफ्ट का प्रयोग करते हैं। ऐसी स्थिति में हमें बच्चों और बुजुर्गों को लेकर डर लगा रहता है। अमित गुप्ता, निवासी
लिफ्ट खराब होने की समस्या नई नहीं है, यह समस्या कई महीनों से बनी हुई है। लेकिन अब तक समाधान नहीं निकाला गया है। निखिल गोयल, निवासी
-
लिफ्ट में अब तक कई लोग फंस चुके हैं। यदि इस समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया तो कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है।
जुगल, निवासी