अधिवक्ताओं ने हड़ताल कर उठाई हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग
फरीदाबाद। होडल बार के अधिवक्ता व पूर्व प्रधान लक्खा राम के बेटे मोहित के हत्या के मामले में पुलिस आरोपी को अभी तक गिरफ्तार नहीं कर सकी है। उसकी दिसंबर 2019 में हत्या कर दी गई थी। इस मामले को लेकर बुधवार को पलवल, होडल व फरीदाबाद के अधिवक्ता पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताई व कार्य बहिष्कार कर हड़ताल पर चले गए। फरीदाबाद जिला बार एसोसिएशन के प्रधान संजीव चौधरी, महासचिव नरेंद्र पाराशर, वरिष्ठ उप-प्रधान नीरज सचदेवा व अन्य पदाधिकारियों ने इसकी सूचना सभी कोर्ट में जाकर दी। अधिवक्ताओं ने बताया कि घटना दिसंबर 2019 में हुई है। करीब ढाई माह से अधिक का समय बीतने के बाद भी पुलिस की जांच एक कदम भी आगे नहीं बढ़ी है। आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। जिला बार के अधिवक्ताओं ने कहा कि अधिवक्ता अनिल शर्मा व उनके दो बेटों पर हुए कातिलाना हमले में भी दोषियों की गिरफ्तारी अभी तक नहीं हो पाई है। इस मौके पर जिला बार एसोसिएशन के पूर्व प्रधान जेपी अधाना, प्रदीप परमार, अनिल पाराशर, राजेस बैंसला, सतवीर शर्मा, सुरेश, रविंद्र रावत आदि मौजूद रहे। ब्यूरो