- कमरे का ताला तोड़कर नकदी और आभूषण चोरी, परिचित पर आरोप, पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। इंदिरा कॉम्प्लेक्स में एक मकान से 16 लाख रुपये और जेवरात चोरी का मामला सामने आया है। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य दिल्ली स्थित लाल किला घूमने गए थे। खेड़ीपुल थाना पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में मूलरूप से उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थ नगर निवासी राजेश ने बताया कि वह इंदिरा कॉम्पलेक्स में एक किराए के कमरे में रहता है। परिवार के साथ 11 अक्तूबर को दिल्ली घूमने गए थे। वहां से रात करीब 10 बजे वापस लौटे तो देखा कमरे का ताला टूटा हुआ है। अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी से 16 लाख रुपये भी गायब थे। पीड़ित के अनुसार प्लॉट खरीदने के लिए 16 लाख रुपये जमा किए थे। लक्ष्मण नामक एक जानकार ने ताला तोड़कर नकदी और जेवरात चोरी किया है। शिकायत मिलने के बाद खेड़ीपुल थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।