फरीदाबाद अशोका इंक्लेव पार्ट तीन में अतिक्रमण हटाते डीटीपी कर्मचारी । स्रोत: डीटीपी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। भवन निर्माण नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नगर एवं योजनाकार विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में विभाग की ओर से बुधवार लाइसेंस प्राप्त कॉलोनी एसआरएस पर्ल, सेक्टर-87 और अशोका एन्क्लेव पार्ट-3 में दो आवासीय भवनों के खिलाफ तोड़फोड़ अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान भवनों में किए गए स्वीकृत नक्शे के उल्लंघन, मुख्य रूप से सेटबैक क्षेत्र में किए गए अवैध निर्माण को हटाया गया।विभागीय अधिकारियों के अनुसार, दोनों स्थानों पर भवन मालिकों की ओर से स्वीकृत भवन योजना के अनुरूप निर्माण नहीं किया गया था। निर्माण के दौरान निर्धारित सेटबैक क्षेत्र में भी निर्माण कर लिया गया था। इससे भवन निर्माण नियमों का उल्लंघन होने के साथ निर्धारित खुला स्थान भी प्रभावित हो रहा था। विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर नियमों के विपरीत किए गए निर्माण को चिन्हित किया और उसे तोड़ने की कार्रवाई की। अधिकारियों ने कहा कि भवन निर्माण के लिए स्वीकृत नक्शे का पालन करना अनिवार्य है। निर्धारित मानकों के विपरीत निर्माण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध निर्माण करने वाले भवन मालिकों में हड़कंप मचा हुआ है।