छांयसा। पंचायती जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने से मना किया तो आरोपियों ने एक व्यक्ति के साथ की मारपीट। थाना छांयसा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव छांयसा निवासी राजेश ने बताया कि उन्होंने कई सालों से पंचायत की जमीन को खेती के लिए पट्टे पर लिया हुआ है। उस जमीन पर उन्होंने ईंटों को उतरवाने के लिए नौकर रमेश को भेजा था। तभी वहां पर गांव में रहने वाले दीपक, पत्नी सोना, अनीता, सागर, विपिन, अनिल व दो-तीन अन्य व्यक्ति आए और नौकर रमेश के साथ ईंटों और डंडों से मारपीट करनी शुरू कर दी। इस हादसे में उनका नौकर रमेश गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोप है कि आरोपी उनकी पंचायती जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं, इसलिए उन्होंने मारपीट की। साथ ही आरोपी ने उनके नौकर से उसकी बाइक को लूटने की कोशिश भी की। जब रमेश ने विरोध किया तो आरोपियों ने बाइक को पूरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया। संवाद