फरीदाबाद। सेक्टर- 76 में सोसाइटियों के पास बनी मास्टर रोड पर एक भी ब्रेकर नहीं है। ब्रेकर न होने के कारण सड़क पर लोग तेज गति से वाहन चलाते हैं, जिससे हादसे होने का खतरा बना रहता है। निवासियों का कहना है कि रोड पर कई सोसाइटियां है। सोसाइटी से बाहर बच्चे खेलते- खेलते सड़क पर भी निकल जाते हैं। मास्टर रोड पर पूरे दिन वाहनों की आवाजाही लगी रहती है, इससे बच्चों की सुरक्षा को लेकर निवासियों में डर बना रहता है। पार्क फ्लोर टू सोसाइटी के निवासी सुमित कंबोज ने बताया कि चौड़ी सड़क होने के चलते बाइक राइडर तेज गति में बाइक चलाते हैं, कई बार वे बाइक से स्टंट करते हुए भी नजर आते हैं। इन सभी चीजों को लेकर प्रशासन से भी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। वहीं एडल डिवाइन कोर्ट सोसाइटी के आरडब्ल्यूए प्रधान अभिषेक ने प्रशासन से मांग की है कि इस समस्या का जल्द समाधान निकाला जाए। संवाद