- अग्रिम जमा राशि जब्त, फर्म को किया ब्लैकलिस्ट
- नया ठेका छोड़ने के लिए निकाली गई निविदा
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। डबुआ मंडी मार्केट कमेटी की ओर से पार्किंग का ठेका रद्द कर दिया गया है। साथ ही ठेकेदार की अग्रिम जमा राशि भी जब्त कर ली गई है। 31 दिसंबर तक लोगों को पार्किंग के पैसे नहीं देने होंगे। नए सिरे से ठेका छोड़ने के लिए निविदा निकाली गई है।
डबुआ मंडी का विवादित पार्किंग ठेका शुरुआत से लेकर अंत तक कभी रद्द तो कभी बहाल होता रहा। वर्तमान में चल रहा ठेका फरवरी माह में भी रद्द कर दिया था लेकिन, न्यायालय द्वारा रद्द आदेश पर रोक लगा दी गई थी। दिसंबर माह ठेके का आखिरी माह था। ठेकेदार ने महीने का शुल्क जमा नहीं कराया था, इस पर मार्केट कमेटी ने ठेकेदार को लगातार तीन बार शुल्क जमा कराने के निर्देश दिए। ठेकेदार ने नोटिस को अनदेखा कर दिया। इसके बाद मार्केट कमेटी ने न्यायालय से स्टे आदेश में संशोधन करने की गुहार लगाई। जिससे ठेकेदार पर ठेके की शर्तें तोड़ने पर कार्रवाई की जा सके। न्यायालय ने 16 दिसंबर को अपने आदेश में स्पष्ट कर दिया कि स्टे के दौरान कोई भी पक्ष टेंडर की शर्तों को तोड़ता है तो दूसरे पक्ष के आगामी कार्रवाई के लिए स्वतंत्र हैं। इस प्रकार मार्केट कमेटी कानून अनुसार कार्रवाई के लिए स्वतंत्र हैं। मार्केट कमेटी ने ठेकेदार द्वारा महीने की ठेके की राशि ना जमा कराने पर ठेका रद्द कर ठेकेदार की अग्रिम जमा जब्त करते हुए ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट कर दिया है।