सीएम फ्लाइंग की कार्रवाई के बाद ठेकेदार पर दस हजार जुर्माना
मार्केट कमेटी ने अपने स्तर पर की कार्रवाई, पार्किग शुल्क पर भी निगरानी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। डबुआ सब्जी मंडी में पार्किग शुल्क से ज्यादा दाम वसूलने पर सीएम फ्लाइंग की कार्रवाई के बाद से मार्केट कमेटी हरकत में आ गई है। कार्रवाई के बाद कमेटी ने ठेकेदार को नोटिस जारी कर 24 घंटे में जवाब मांगा था, जवाब नहीं मिलने पर मार्केट कमेटी ने ठेकेदार पर दस हजार का जुर्माना लगाया है। दिसंबर में वर्तमान ठेकेदार को पार्किंग का ठेका आवंटित किया गया था। यह जनवरी से आरंभ हुआ था।
ठेके को लेकर शिकायत होने पर विभाग ने तत्कालीन सचिव को सस्पेंड कर वर्तमान ठेकेदार के ठेके को रद्द कर दिया था। ठेकेदार ने ठेका रद्द करने के आदेश के खिलाफ जिला सिविल अदालत में स्टे ले लिया। अदालत के आदेश के बाद ठेकेदार पार्किंग का ठेका चला रहा है। बृहस्पतिवार की कार्रवाई के बाद मार्केट कमेटी ने ठेकेदार पर जुर्माना लगाया है।
मंडी एसोसिएशन के प्रधान रणबीर सिंह ने बताया कि उनके पास ठेकेदार के खिलाफ मंडी में अधिक पार्किंग फीस लेने की शिकायत किसी ने नहीं की है। मंडी में पार्किंग फीस के मसले पर दो ठेकेदारों की आपसी खींचतान का मामला चर्चा में है। मार्केट कमेटी के सचिव एवं कार्यकारी अधिकारी यदुराज यादव ने बताया इससे पहले किसी ऑटो, रेहड़ीवाले या मंडी एसोसिएशन ने कार्यालय में अधिक शुल्क शिकायत नहीं दी थी। मामला संज्ञान में आने के बाद मार्केट कमेटी स्टाफ को ठेकेदार के कार्य पर सख्त निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। कोई भी ठेकेदार द्वारा रसीद से अधिक शुल्क वसूली की शिकायत उनके कार्यालय में कर सकता है।