- फर्जी कॉल और मैसेज के जरिए पैसे मांगने वालों से सतर्क रहने की अपील
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जेसी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (वाईएमसीए) प्रशासन ने नए शैक्षणिक सत्र में दाखिले के नाम पर हो रही फर्जी कॉल और धोखाधड़ी को लेकर छात्रों और अभिभावकों के लिए सख्त चेतावनी जारी की है। विश्वविद्यालय के अनुसार कुछ जालसाज फोन कॉल, मैसेज, ईमेल और सोशल मीडिया के माध्यम से सीधे दाखिला दिलाने का झांसा देकर पैसों की मांग कर रहे हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि संस्थान में किसी प्रकार का मैनेजमेंट कोटा नहीं है। सभी पाठ्यक्रमों में दाखिले पूरी तरह योग्यता और निर्धारित प्रवेश प्रक्रिया के आधार पर किए जाते हैं। इसके लिए जेईई, गेट स्कोर और प्रवेश परीक्षाओं के अंकों को मान्यता दी जाती है। प्रशासन ने कहा कि दाखिले के नाम पर पैसे मांगना पूरी तरह धोखाधड़ी है। छात्रों और अभिभावकों को सलाह दी गई है कि वे दाखिले से जुड़ी जानकारी केवल विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.jcboseust.ac.in से ही प्राप्त करें। यदि किसी को संदिग्ध कॉल या मैसेज प्राप्त होता है तो इसकी शिकायत admissionhelpjcboseust.ac.in या हेल्पलाइन नंबर 7428954273 पर करने को कहा गया है।