- लगातार शिकायतों के बावजूद नहीं हुआ समाधान, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर खतरा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-8 के साउथ एंड ईस्ट इलाके में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है, जिससे स्थानीय निवासी परेशान हैं। गलियों और पार्कों में कुत्तों के झुंड खुलेआम घूम रहे हैं और राहगीरों पर हमले की घटनाएं सामने आ रही हैं। स्थिति ऐसी हो गई है कि बच्चों का पार्कों में खेलना मुश्किल हो गया है, वहीं बुजुर्ग भी सुबह-शाम टहलने से कतरा रहे हैं। आरडब्ल्यूए महासचिव विजय प्रकाश के अनुसार, सेक्टर की कुछ गलियों में कुत्तों का जमावड़ा बना रहता है, जिससे वहां से गुजरना जोखिम भरा हो गया है। कई लोग सुरक्षा के लिए डंडा लेकर निकलने को मजबूर हैं, जबकि महिलाओं को भी बाहर निकलने में दिक्कत हो रही है। स्थानीय निवासी यश मलिक, सुचिता और चेतन ने बताया कि कई बार प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा कुत्तों को पकड़ने और उनके प्रबंधन के लिए जल्द कदम उठाए जाएं, ताकि क्षेत्र में सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।