जसाना गांव में सरकार की योजनाओं का किया विशेष प्रचार पंचायत उप चुनाव वाले गांवों में आचार संहिता के चलते नहीं किया जाएगा प्रचार अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। जिला सूचना एवं जनसंपर्क की ओर से केंद्र व राज्य सरकार की नौ वर्षों की जनहितैषी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के लिए एक माह का विशेष प्रचार अभियान शुरू किया गया। इसके तहत बृहस्पतिवार को फरीदाबाद ब्लॉक के गांव जसाना में शत्रुघन नागर ड्रामा पार्टी द्वारा ग्रामिणों को प्रदेश सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में नाटकीय रूप में जागरूक किया गया।
जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी राकेश गौतम ने बताया कि कुछ दिन से सरकारी योजनाओं के प्रचार को लेकर विशेष अभियान शुरू किया गया है। इसके माध्यम से लोगों को सरकार द्वारा पिछले नौ वर्षों में किए गए विकास कार्यों व सरकार द्वारा लागू की गई विभिन्न जन हितैषी योजनाओं सहित आमजन को लाभ देने वाली सभी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा महिलाओं के लिए वन स्टाप सेंटर, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, मातृत्व वंदना योजना, महिला हैल्पलाइन नंबर 181, किशोरी शक्ति योजना, कन्या कोष, एसिड अटैक से पीड़ित महिलाओं का पुनर्वास के अलावा विभिन्न विभागों द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के बारे में भी जागरूक किया गया।
इनसैट - इन योजनाओं की दी जाएगी जानकारी - मेरी फसल मेरा ब्यौरा, ई खरीद पोर्टल, ई-नाम कृषि उपज मंडियां, किसान मित्र योजना, धान के स्थान पर अन्य फसलों जिनमें मक्का, कपास, बाजरा, दाल चना व चारा को प्रोत्साहित करने के लिए फसल विविधीकरण के तहत सात हजार रुपये की सब्सिडी, स्वामित्व योजना, अंत्योदय परिवार उत्थान योजना, चिरायु कार्य, परिवार पहचान पत्र से मिलने वाले लाभ, हर घर नल से जल, चिरायु योजना आदि।
पंचायत उपचुनाव के चलते आचार संहिता वाले गांवों में नहीं होगा प्रचार
भजन पार्टियों को निर्देश दिए गए हैं कि जिन गांवों में पंचायत उप चुनाव हैं और आचार संहिता लागू है, उन गांवों में प्रचार अभियान नहीं चलाया जाएगा। विशेष प्रचार अभियान में पूरन मल भजन पार्टी, बिजेंद्र सिंह सिहोल भजन पार्टी, बिजेंद्र सिंह मित्रोल भजन पार्टी, कुमार पाल भजन पार्टी, हरिकिशन भजन पार्टी और शत्रुघन नागर ड्रामा पार्टी शामिल है।