फरीदाबाद। अलीगढ़ से अपने पिता के साथ एक ट्रक में आया किशोर डबुआ सब्जी मंडी के पास से संदिग्ध परिस्थिति में गायब हो गया। वह करीब 16 हजार रुपये भी अपने साथ लेकर गया है। उसका फोन बंद आ रहा है। उसके पिता ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। किशोर के पिता राजेंद्र शर्मा ने बताया कि वह ट्रक लेकर पांच दिन पहले डबुआ मंडी आए थे। उनके साथ उनका 16 वर्षीय बेटा भी था। सुबह होने पर उनका बेटा ट्रक के केबिन में सोया हुआ था। वह बेटे को सोता छोड़कर ओल्ड फरीदाबाद में अपने एक रिश्तेदार से मिलने चले गए। वापस आए तो ट्रक से उनका बेटा गायब था। वह एक आढ़ती से भी पिता के नाम पर पांच हजार रुपये ले गया था। इसके अलावा ट्रक में रखे 11 हजार रुपये भी वह लेकर गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर किशोर की तलाश शुरू कर दी है। ब्यूरो