प्रस्ताव तैयार करवाने में जुटे अधिकारी, विधानसभा चुनाव बाद सिरे चढ़ेगी योजना
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण स्कॉईवॉक के माध्यम से ओल्ड फरीदाबाद मेट्रो स्टेशन को रेलवे स्टेशन से जोड़ने की परियोजना तैयार कर रहा है। यह स्काईवॉक दोनों स्टेशनों के बीच कनेक्टिविटी को बेहतर करेगा। इस परियोजना पर पहले फरीदाबाद स्मार्ट सिटी लिमिटेड (एफएससीएल) काम कर रहा था। लेकिन अब इस योजना को एफएमडीए को सौंप दिया गया है। लगभग 500 मीटर लंबे इस स्काईवॉक को बनाने में करीब 12 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। अधिकारी इसका प्रस्ताव तैयार करवाने में जुटे हैं।
स्काईवॉक मेट्रो स्टेशन के ऊपरी तल को सीधे रेलवे स्टेशन के वेटिंग हॉल और विभिन्न प्लेटफार्म से जोड़ेगा। इससे दोनों स्टेशनों से आवाजाही बेहद आसान हो जाएगी और करीब 60 हजार यात्री इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। अभी लोगों को राष्ट्रीय राजमार्ग पार करने में बेहद मुश्किल होती है और दोनों स्टेशनों पर पहुंचने में पंद्रह से बीस मिनट लग जाते हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग पार करने में दूर तक घूमकर जाना पड़ता, जिसमें पैदल यात्रियों को काफी परेशानी होती है। फरीदाबाद में इस तरह का पहला स्काईवॉक बनाया जाएगा। रेलवे स्टेशन से यात्री सीधे इसके माध्यम से राष्ट्रीय राजमार्ग भी पार कर सकेंगे। यह आम फुटओवर ब्रिज से चौड़ा होगा। इसे भी वाईफाई से युक्त किया जाएगा। इसमें चार निकास और प्रवेश द्वार होंगे।
वर्जन
इस परियोजना पर अभी काम शुरू होने में समय लगेगा। अभी केवल प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। आचार संहिता हटने के बाद इस परियोजना की मंजूरी के लिए मुख्यमंत्री से बात की जाएगी। उसके बाद काम शुरू होने की उम्मीद है.
रमेश बागड़ी, मुख्य अभियंता- एफएमडीए।