- फंगल इंफेक्शन के मरीज बढ़े, बारिश है कारण
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बारिश के बाद जिले में त्वचा रोगी तेजी से बढ़ गए हैं। खुजली व चकत्ते की शिकायत लेकर प्रतिदिन 50 मरीज बीके अस्पताल की ओपीडी में पहुंच रहे हैं। बुधवार को भी अस्पताल में मरीजों की भीड़ दिखाई दी।
मौसम में हुए बदलाव व बारिश की वजह से उमस की समस्या बढ़ गई है। धूप में पहले जैसी तेजी न होने के बाद भी अधिकतर लोग सुबह से रात तक पसीने से तरबतर रहते हैं। ऐसे में लोग फंगल इंफेक्शन (दाद), खुजली, फोड़े-फुंसियों की चपेट में आ रहे हैं। बुधवार को बीके अस्पताल में कमरा नंबर-4 चर्म रोग विशेषज्ञ के पास मरीजों की भीड़ दिखाई दी। आम दिनों में प्रतिदिन 20-30 मरीज पहुंचते हैं, जबकि बारिश के बाद इनकी संख्या 50 हो गई है।
बीके अस्पताल के चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. डीएस राठी ने बताया कि बारिश के दौरान फंगल इंफेक्शन के मामले बढ़ जाते हैं, जून के मध्य से बीमारियां शुरू हो जाती हैं। बारिश में भीगने से बचें और सूखे व साफ कपड़े पहनें। त्वचा का रूखापन, खुजली बढ़ना, काले धब्बे, चकत्ते होना, एक से दूसरे को होने वाली खुजली, रूसी, बालों का झड़ना, बालों का रूखापन, सिर में फुंसी होने की समस्या अधिकांश लोगों को हो जाती है।