हथीन।
स्थानीय विधायक मोहम्मद इसराइल चौधरी सोमवार 16 मार्च को विधानसभा के प्रश्नोत्तर काल में सहकारी चीनी मिल बामनीखेड़ा को दिल्ली–मथुरा राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने की मांग करेंगे। विधानसभा स्पीकर ने उनके प्रश्न की स्वीकृति दे दी है। विधायक ने बताया कि बामनीखेड़ा स्थित यह सहकारी शुगर मिल पलवल, फरीदाबाद, नूंह और गुरुग्राम जिलों की एकमात्र सहकारी क्षेत्रीय मिल है, जिसमें हजारों किसान गन्ना लेकर आते हैं। वर्तमान मार्ग कच्चा और संकरा होने के कारण कई बार किसानों के वाहन फंस जाते हैं या दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं। उन्होंने सरकार से आग्रह किया है कि किसानों के हित और परिवहन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मिल को राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने के लिए नया सड़क निर्माण किया जाए। संवाद