पलवल। पातली खुर्द गांव में जमीनी विवाद को लेकर हुए जानलेवा हमले के मामले में क्राइम ब्रांच पलवल ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल, सचिन और सुरेश के रूप में हुई है। तीनों पर पांच-पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था। क्राइम ब्रांच प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि 28 मार्च 2025 को गांव की शामलात देह की जमीन को लेकर विवाद के दौरान ग्रामीण धरना दे रहे थे। आरोप है कि विवादित जमीन पर बोआई करने पहुंचे लोगों को रोकने पर हथियारबंद हमलावरों ने ग्रामीणों पर फायरिंग कर दी और लाठी-डंडों, सरियों व हथौड़ों से हमला किया। घटना में कई ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मामले में पहले ही 10 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। अब तीन और आरोपियों के पकड़े जाने के बाद कुल गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 13 हो गई है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।