हथीन।
हज 2026 पर जाने वाले यात्रियों के लिए 24 और 25 मार्च को हथीन के दारुल उल उलूम अबदिया इस्लामी मदरसे में प्रशिक्षण एवं टीकाकरण कैंप आयोजित किया जाएगा। हज कमेटी के पूर्व सचिव मोहम्मद जकरिया ने बताया कि कैंप में शामिल होने के लिए पासपोर्ट, आधार कार्ड, कवर नंबर, पासपोर्ट साइज फोटो, ब्लड ग्रुप प्रमाण पत्र, मेडिकल स्क्रीनिंग सर्टिफिकेट, मेडिकल रिपोर्ट और कोविड-19 वैक्सीन प्रमाण पत्र (यदि उपलब्ध हो) साथ लाना अनिवार्य होगा। सीएचसी की टीम द्वारा हज यात्रियों का टीकाकरण किया जाएगा और यात्रा संबंधी आवश्यक प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा। जकरिया ने सभी यात्रियों से अपील की कि वे निर्धारित तिथि और समय पर उपस्थित होकर प्रशिक्षण व टीकाकरण प्रक्रिया पूरी करें। उन्होंने महिला यात्रियों से विशेष अनुरोध किया कि टीकाकरण के दिन ढीली आस्तीन वाले कपड़े पहनकर आएं, ताकि इंजेक्शन लगाने में सुविधा हो। हथीन उपमंडल से इस वर्ष करीब 200 लोग हज यात्रा पर जाएंगे।