संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। एनसीआर में ग्रेप-2 लागू होने के साथ ही प्रदूषण नियंत्रण के लिए कई सख्त कदम उठाए जाएंगे। इस दौरान सड़कों पर मशीनों से सफाई और वैक्यूम स्वीपिंग अनिवार्य रहेगी। धूल रोकने के लिए प्रमुख मार्गों पर पानी और डस्ट सप्रेसेंट का छिड़काव करना होगा। प्रदूषण वाले हॉटस्पॉट पर विशेष निगरानी रहेगी और निर्माण व तोड़फोड़ वाली साइटों की जांच बढ़ाई जाएगी। निजी वाहनों का इस्तेमाल कम करने के लिए पार्किंग शुल्क बढ़ेगा। सरकारी और नगर निकायों के कार्यालयों के समय में बदलाव होगा। आरडब्ल्यूए को सुरक्षा गार्डों के लिए बिजली के हीटर देने होंगे, ताकि खुले में लकड़ी और कचरा जलाने की नौबत न आए।