अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। नीलम-बाटा रोड स्थित एक निजी अस्पताल के डॉक्टरों ने ट्रेन दुर्घटना में घायल हुए 37 वर्षीय व्यक्ति का जीवन बचाने में सफलता हासिल की है। मरीज को दुर्घटना का शिकार होने के बाद बेहद गंभीर स्थिति में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। व्यक्ति निजी कंपनी का कर्मचारी है। पलवल रेलवे स्टेशन पर रेल की चपेट में आने से हादसा हो गया था।
एडिशनल डायरेक्टर ऑर्थोपेडिक्स डॉ. अशोक धर, डॉ. सुरिंदर रैना और डॉ. मनीष नंदा प्लास्टिक सर्जरी के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम ने कटे हुए पैर को ठीक किया। डॉ. अशोक धर ने बताया कि मरीज के उपचार के दौरान मेडिकल टीम के सामने कई चुनौतियां थीं। दोनों पैरों को बचाने के लिए बहुत ही सटीक और संतुलित सर्जिकल दृष्टिकोण अपनाया। अब मरीज बेहतर है।