- अगले 15 दिन में सभी नालों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश
फोटो-
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा ने बुधवार को रेस्ट हाउस में नगर निगम, एफएमडीए और हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों की बैठक ली। इसमें अधिकारियों से चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की ।
मूलचंद शर्मा ने नगर निगम बल्लभगढ़ और एफएमडीए के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सेक्टर 25 बूस्टर पानी की सप्लाई बढ़ाने के लिए मिर्जापुर से एक नई लाइन सेक्टर 25 तक ले जाने का काम करें। सेक्टर 25 बूस्टर तक भरपूर पानी पहुंच सके और आसपास के इलाकों को हर रोज रेनीवेल का मीठा पानी पीने मिल सके। मिर्जापुर से सेक्टर 25 बूस्टर तक जाने वाली पाइप लाइन जगह जगह से डैमेज हो चुकी है, जिसे ठीक करना संभव नहीं है। इसलिए अब नई लाइन मिर्जापुर से गुडगांव कैनाल के साथ साथ सेक्टर 25 तक जाएगी। अगले 15 दिन के अंदर बल्लभगढ़ विधानसभा के सभी नाले नालियों की सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने का काम करें ताकि बरसात के दौरान लोगों को दिक्कत ना आए और साथ ही नालियों में भरी गंदगी से पैदा होने वाले मच्छरों से फैलने वाली बीमारी से बचाव किया जा सके। बैठक में नगर निगम ज्वाइंट कमिश्नर बल्लभगढ़ शिखा, मुख्य अभियंता वीरेंद्र कर्दम, एफएमडीए के चीफ इंजीनियर विकास बंसल, चीफ इंजीनियर एनडी वशिष्ठ, निगम के अधीक्षण अभियंता ओमवीर सिंह, कार्यकारी अभियंता ओपी कर्दम सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
सेक्टरों की सड़कों को किया जाए दुरुस्त
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की प्रशासक डॉ. गरिमा मित्तल और संपदा अधिकारी सिद्धार्थ, कार्यकारी अभियंता अजीत सिंह, कार्यकारी अभियंता अश्वनी को कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा ने बैठक में कहा कि सेक्टर 2 और 3 ,सेक्टर 64, 64 डी सेक्टर 62 और 65 की सभी सड़कों को दुरुस्त करने का काम अति शीघ्र करें। उन्होंने सेक्टरों के सभी पार्कों को सुंदर बनाने के साथ-साथ सेक्टरों की सीवरेज व्यवस्था को भी दुरुस्त करने के दिशा निर्देश दिए। बैठक में सेक्टरों के अंदर चल रहे विकास कार्यों के बारे में भी समीक्षा की। उन्होंने चले हुए कार्यों को जल्द पूरा करने और नए कार्यों का जल्द ही शिलान्यास करवाने पर भी चर्चा की।