डीसी ने कहा-जरूरत के अनुसार बदले जा सकते हैं जिले के 713 पोलिंग स्टेशन
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर सभी जिलों के उपायुक्तों और जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक के बाद फरीदाबाद के उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर सभी तैयारियां चरणबद्ध तरीके से पूरी की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि बीएलओ और सुपरवाइजर्स का पहला चरण का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। अब दूसरे चरण में छोटे-छोटे बैच बनाकर दोबारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रत्येक बैच में अधिकतम 50 अधिकारियों और कर्मचारियों को शामिल किया जाएगा। डीसी ने बताया कि राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ भी जल्द बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें मतदाता सूची पुनरीक्षण और पोलिंग स्टेशनों से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी। वर्तमान में जिले में 713 पोलिंग स्टेशन हैं और जरूरत के अनुसार पुनर्संरचना की जा सकती है।