संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर 12 स्थित क्रिकेट मैदान पर बृहस्पतिवार को खेले गए मुकाबले में रॉयल इलेवन ने क्रिकेट क्लब 11 को 18 रनों से हरा दिया। 20 ओवर के मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी रॉयल इलेवन की टीम ने आठ विकेट पर 203 रन बनाए। टीम की ओर से राहुल ने 19 गेंदों पर 61 रनों की पारी खेली, जबकि विकास ने 39 रन बनाए। क्रिकेट क्लब की ओर से सुमित ने चार ओवर में 29 रन देकर चार विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी क्रिकेट क्लब 11 की टीम 18.2 ओवर में 185 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से अंकित ने 44 गेंदों पर 96 रन की शानदार पारी खेली, जबकि मोहित ने 31 रन बनाए। रॉयल इलेवन की ओर से राहुल ने चार ओवर में 24 रन देकर चार विकेट झटके जबकि दीपक ने तीन विकेट हासिल किए। शानदार बल्लेबाजी और गेंदबाजी के लिए राहुल को मैन ऑफ द मैच चुना गया।