- सीएसआर के तहत 25 करोड़ की लागत से खरीदा जाएगा रोबोट
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल अब हाईटेक होने जा रहा है। यहां रोबोट के जरिए सर्जरी की शुरुआत होगी। इससे कैंसर, किडनी और हर्निया के ऑपरेशन आसानी से किए जा सकेंगे। इसके लिए सीएसआर के तहत जल्द अस्पताल को रोबोटिक मशीन मिलने वाली है, जिसकी लागत करीब 25 करोड़ रुपये है। इसकी प्रक्रिया लगभग पूरी कर ली गई है।
जिले में साढ़े छह लाख ईएसआई कार्ड धारक हैं। एनआईटी 3 स्थित ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में रोजाना करीब पांच हजार मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं, वहीं अस्पताल में सुपर स्पेशलिटी सुविधाएं शुरू होने के कारण मरीजों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। कोरोना की दूसरी लहर के बाद स्वास्थ्य सेवाओं को अपग्रेड करने पर जोर दिया जा रहा है। मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में रोबोटिक सर्जरी शुरू होने से करीब साढ़े छह लाख ईएसआई कार्ड धारकों को लाभ मिलेगा। इससे ऑपरेशन के लिए मरीजों की वेटिंग लिस्ट खत्म होगी। डॉक्टरों ने बताया कि रोबोटिक सर्जरी से सबसे ज्यादा छोटी व बड़ी आंत की सर्जरी, अपेंडिक्स, गाल ब्लेडर की पथरी व कैंसर की सर्जरी, गुर्दे की सर्जरी, पेट के कैंसर के ऑपरेशन में सहायता मिलेगी।
वर्जन
रोबोटिक सर्जरी डे-केयर सर्जरी के लिए सबसे अच्छी तकनीक है। इस मशीन के जरिए मरीज के शरीर में बहुत ही छोटे-छोटे छेद करके बड़ी से बड़ी सर्जरी कर दी जाती है। इससे मरीज को दर्द कम होता है। रक्त भी कम बहता है। इसके साथ ही वह सामान्य हाथ या दूरबीन से की जाने वाली सर्जरी की तुलना में जल्दी रिकवर होता है।
- डॉ. अनिल पांडे, चिकित्सा अधीक्षक ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल