दिल्ली-मुंबई हाईवे पर कैली बाईपास के पास बदमाशों ने हथियार के बल पर कार सवार दो भाइयों से 30 किलो चांदी, आठ लाख रुपये और कार लूट ली। बदमाशों ने दोनों भाइयों के साथ मारपीट कर उन्हें बंधक बनाकर बंचारी गांव के पास सड़क किनारे फेंक दिया। गदपुरी थाना पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका निवासी कपिल सिंगला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 11 मार्च को अपने छोटे भाई शुभम सिंगला के साथ कार से कच्ची चांदी लेकर दिल्ली गए थे। दोपहर करीब दो बजे दिल्ली के दंगल मैदान पार्किंग में गाड़ी खड़ी कर वह कच्ची चांदी बदलने के लिए कुचा महाजनी स्थित एक ज्वेलर्स की दुकान पर गए। वहां से उन्होंने 30 किलो पक्की चांदी और आठ लाख रुपये नगद लेकर करीब साढ़े तीन बजे वापस गाड़ी में आ गए।
कपिल के अनुसार उन्होंने चांदी ड्राइवर सीट के नीचे और नगदी काले रंग के बैग में रखकर डिग्गी में रख दी। इसके बाद दोनों भाई घर के लिए रवाना हो गए। शाम करीब 5 बजे कैली बाईपास पार करने के कुछ ही दूरी बाद एक सिल्वर रंग की ईको कार ने उनकी गाड़ी के आगे आकर रास्ता रोक लिया।
ईको कार से उतरे पांच युवकों ने उनकी कार के शीशे तोड़ दिए और कट्टा दिखाकर दोनों भाइयों को धमकाया। आरोप है कि बदमाशों ने लोहे की चेन से मारपीट कर उन्हें गाड़ी के पीछे सीट के नीचे बैठा दिया और कार को अपने कब्जे में लेकर चल पड़े। करीब दो घंटे बाद बदमाश दोनों भाइयों के हाथ बांधकर बंचारी गांव के पास नाले के किनारे फेंककर फरार हो गए।
गदपुरी थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।