संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। हरियाणा रोडवेज कर्मचारी महासंघ के बैनर तले 25 जुलाई को परिवहन मंत्री के अंबाला छावनी स्थित आवास पर न्याय मार्च निकाला जाएगा। इस दौरान रोडवेज विभाग में चालक, परिचालक, मैकेनिक, हेल्पर, सफाई कर्मचारी सहित विभिन्न श्रेणियों के खाली पदों पर नियमित भर्ती कराने और लंबित मांगों को पूरा करने की मांग को लेकर आवास का घेराव किया जाएगा। प्रधान नरेश ने बताया कि न्याय मार्च की तैयारियों को लेकर बुधवार को बैठक आयोजित की गई। उनका कहना है कि हरियाणा सरकार लगातार रोडवेज विभाग की अनदेखी कर रही है। वर्षों से नियमित भर्तियां नहीं होने के कारण हजारों पद खाली पड़े हैं, जिससे मौजूदा कर्मचारियों पर अतिरिक्त कार्यभार बढ़ गया है। इसका असर कर्मचारियों के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ यात्रियों को मिलने वाली परिवहन सुविधाओं पर भी पड़ रहा है।