अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। मानसून की पहली तेज बारिश ने फरीदाबाद की सड़कों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बुधवार को हुई बारिश के बाद सेक्टर-89 स्थित एडोर समृद्धि सोसाइटी के सामने सड़क धंसने से बड़ा गड्ढा बन गया। गड्ढा बनने से क्षेत्र के लोगों में हादसे की आशंका बढ़ गई है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क पर अचानक बना यह गड्ढा दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के लिए खतरा बन गया है। लोगों ने प्रशासन से जल्द मरम्मत कराने के साथ गड्ढे के आसपास बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है। वहीं दिल्ली-मुंबई-बड़ौदा एक्सप्रेसवे पर भी बारिश के बाद कई स्थानों पर सड़क क्षतिग्रस्त हो गई।