-निगम पार्क, गलियां, तालाबों के सौंदर्यीकरण, बरात घर समेत अन्य कार्य कराएगा
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। नगर निगम में शामिल 24 गांवों में जल्द ही विकास कार्य शुरू होंगे। इन गांवों में सड़क, सीवर-पानी, गांवों के प्रवेशद्वार और बरात घर समेत अन्य कार्य होंगे। इस पर करीब 40 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
बता दें कि करीब दो साल पहले 24 गांवों को नगर निगम में शामिल कर लिया गया था। इसके बाद नगर निगम को पंचायतों का पैसा और जमीन मिल गई, लेकिन विकास कार्य रुक गए थे। इससे गांव के साथ आसपास के सेक्टरों के लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। इसे लेकर स्थानीय लोग कई बार निगम आयुक्त से मिल चुके हैं। दूसरी ओर अगले साल चुनाव होने वाले हैं। इसे लेकर सीएम हर जिले में संवाद कार्यक्रम कर रहे हैंं। उनका फरीदाबाद में भी यह कार्यक्रम होना है। ऐसे में निगम, संवाद कार्य से पहले गांवों में विकास कार्य शुरू करने की योजना पर तेजी से कार्य कर रहा है ताकि लोगों की नाराजगी दूर की जा सके। इसके देखते हुए निगम गांवाें में प्रमुख कार्याें का एस्टीमेट बनाकर टेंडर जारी कर रहा है। इसमें कुछेक पर काम शुरू होने जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि अभी गांवों की सभी गलियां पक्की नहीं हो सकी हैं। नगर निगम के कार्यकारी अभियंता ओमदत्त ने बताया कि कार्याें का एस्टीमेट बनाकर टेंडर जारी किया गया है। कुछेक कार्य ठेकेदार को अलॉट कर दिए गए हैं। गांवों की गलियों को पक्का करने, सीवर लाइन, जरूरत के अनुसार बरात घर, जोहड़/तालाब, पार्क और झूले, कुछेक गांवाें में चौपाल, खेल का मैदान, पुस्तकालय समेत अन्य कार्य होंगे।
इन गांवों में होंगे कार्य
नगर निगम नीमका पर662.93 लाख, बादशाहपुर-211.91 लाख, भूपानी-97.03 लाख, खेड़ीकला-107.92 लाख, खेड़ीखुर्द-75.90 लाख, फरीदपुर-66.49 लाख,भाटोला-145 लाख, भाटोली-289.29 लाख, मिर्जापुर-292 लाख,नाचौली-136 लाख, टिकावली-157.66 लाख,रिवाजपुर-106 लाख, तिलपत-126.16 लाख, पलवली-146.42 लाख, मवई-119 लाख, नवादा-300.72 लाख, सोतई-35.37 लाख,साहपुरा- 12.20 लाख, मच्छगर-60.29 लाख व मुजेठी पर 318 लाख रुपये खर्च करेगा। इसके अलावा अन्य गांव भी शामिल हैं।