फरीदाबाद। सरकारी स्कूलों में बच्चों को पीने के लिए साफ पानी मिल रहा है या नहीं, अब इसकी जांच कराई जाएगी। पानी की गुणवत्ता की रिपोर्ट आने के बाद ही स्कूलों में रिवर्स ऑस्मोसिस (आरओ) सिस्टम लगाए जाएंगे। हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद ने इस संबंध में जिला अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। जांच में पानी के टीडीएस के साथ भारी धातुओं की मात्रा भी देखी जाएगी। निर्देशों के अनुसार, सभी सरकारी स्कूलों में पानी की जांच कराना अनिवार्य होगा। इसके लिए शिक्षा विभाग जन स्वास्थ्य विभाग की मदद लेगा। स्कूल प्रमुखों को जांच रिपोर्ट एमआईएस पोर्टल पर अपलोड करनी होगी। पूरी प्रक्रिया जिला उपायुक्त की देखरेख में होगी। संवाद