खेल परिसर में शुरू होगी आवासीय तीरंदाजी नर्सरी
सेक्टर-12 में बनने वाली नर्सरी में 25 खिलाड़ियों को रखा जाएगा, सभी खर्च वहन करेगी सरकार
अवध किशोर श्रीवास्तव
फरीदाबाद। खेल विभाग ने जिले में ‘अर्जुन’ तैयार करने की तैयारी शुरु कर दी गई है। 15 अप्रैल के बाद सेक्टर-12 खेल परिसर में आवासीय तीरंदाजी नर्सरी शुरु करने का निर्णय लिया गया है। यहां 25 खिलाड़ियों का चयन कर तीरंदाजी के लिए तैयार किया जाएगा।
चुने गए खिलाड़ियों को विभाग की ओर से सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। आवासीय तीरंदाजी नर्सरी शुरू करने से पहले विभाग ने खेल से संबंधित सामान मुख्यालय से मांगे हैं। वहीं, पलवल में वॉलीबाल आवासीय खेल नर्सरी शुरु करने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए खिलाड़ियों का चयन ट्रायल के आधार पर किया जाएगा। जिला खेल अधिकारी दवेंद्र सिंह गुलिया ने बताया कि सेक्टर-12 खेल परिसर में खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए तीन स्थानों की पहचान की गई है। इनमें से एक स्वीमिंग पूल और लॉन टेनिस कोट के बीच जगह है, जबकि दूसरा फुटबॉल ग्राउंड के पास और तीसरा स्केटिंग मैदान के पीछे का हिस्सा है। तीरंदाजी कोच दीपक से संपर्क कर एक जगह को फाइनल किया जाएगा।
-
वर्ष 2014 में बंद हो चुकी है क्रिकेट अकादमी
नाहर सिंह क्रिकेट स्टेडियम में वर्ष 1991 में क्रिकेट अकादमी शुरू की गई थी। इनमें से 12 से अधिक खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्रिकेट में अपनी पहचान बना चुके हैं। सरकार की खेल नीति में बदलाव के कारण वर्ष 2014 में इसे बंद कर दिया गया। इसके बाद 2023 में आवासीय तीरंदाजी नर्सरी शुरू की जा रही है। पूर्व क्रिकेट कोच और नर्सरी के प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि क्रिकेट नर्सरी से अजय रत्रा, मनिंद्र सिंह बिसला, इशान गांडा, रणजी खिलाड़ी सुमित, विक्रम धारीबाल और राहुल तेवतिया सहित कई बेहतरीन खिलाड़ियों ने कॅरिअर की शुरुआत की है।
गुरुग्राम में कुश्ती और वॉलीबाल की नर्सरी
गुरुग्राम के राजीव गांधी स्टेडियम में लड़कों के कुश्ती का अकादमी बनाने का निर्णय लिया गया है, जबकि, नेहरु स्टेडियम में वाॅलीबाज का अकादमी बनाए जाएंगे। खेल विभाग के उपनिदेशक गिरीराज ने बताया कि हर अकादमी में ट्रायल के आधार पर 25-25 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। खिलाड़ियों का चयन अगले सप्ताह से शुरू होगा।
-
तीरंदाजी नर्सरी के लिए अप्रैल के प्रथम सप्ताह में ट्रायल होगा। 15 अप्रैल तक इसे शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। यहां 25 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। -दवेंद्र सिंह गुलिया, जिला खेल अधिकारी