ब्रिटेन से लौटे तीन लोगों की रिपोर्ट निगेटिव
फरीदाबाद। मंगलवार को ब्रिटेन से लौटने वाले तीन लोगों को रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसकी पुष्टि स्वास्थ्य विभाग ने की। यूके, ब्राजील सहित यूरोपीय देशों में कोरोना के नए स्ट्रेन का संक्रमण फैलने के बाद विदेश से लौटने वाले सभी लोगों की कोरोना जांच अनिवार्य था। इसके तहत जिले में अब तक 200 लोग कोरोना जांच करवा चुके हैं। इनमें से तीन लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी। इनमें एक महिला और दो पुरुष शामिल हैं। जबकि इनके परिजनों की रिपोर्ट निगेटिव आई थी। कोरोना के नए स्ट्रेन का पता लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने इनके नमूने जांच के लिए दिल्ली स्थित जीनोम लैब में भेजा था। यहां से इनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। इनमें सामान्य कोरोना का संक्रमण पाया गया है। इनकी रिपोर्ट निगेटिव आने से स्वास्थ्य अधिकारियों ने राहत की सांस ली है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रणदीप सिंह ने कहा कि कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने के बाद इन्हें बिल्कुल अलग कर दिया गया था। इनके परिजनों को क्वारंटीन कर दिया गया था। इन सभी की रिपोर्ट निगेटिव आने से कोरोना के नए स्ट्रेन का खतरा लगभग खत्म हो गया है।