फरीदाबाद क्राइंम ब्रांच ने कार का शीशा तोड़कर चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया ।
- फोटो : Faridabad
रिश्तेदार ने शीशा तोड़कर की थी चोरी
फरीदाबाद। डबुआ कॉलोनी में एक कार का शीशा तोड़ कर पांच लाख चोरी करने के मामले को क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 टीम ने सुलझा लिया है। क्राइम ब्रांच ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके घर से चार लाख 25 हजार रुपये भी बरामद कर लिए हैं। पुलिस इसे अपनी बड़ी उपलब्धि मान रही है। पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि 24 सितंबर 2019 को डबुआ कॉलोनी में सोहना के रहने वाले अरविंद की कार का शीशा तोड़ कर पांच लाख रुपये चोरी कर ली गई थी। उसने यह पैसे अपने भाई व बहन की शादी की तैयारी के लिए निकाले थे। इस दौरान आरोपी कुलदीप भी अरविंद के साथ था। पांच लाख रुपये देख कर आरोपी लालच में आ गया। उसने कार में रखे पांच लाख रुपये पर हाथ साफ कर दिया। आरोपी कुलदीप, पीड़ित अरविंद का रिश्तेदार है। क्राइम ब्रांच ने मामले में शक के आधार पर आरोपी कुलदीप को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने कार का शीशा तोड़ कर चोरी की बात को स्वीकार कर लिया। उन्होंने बताया कि आरोपी कुलदीप को भांकरी गांव के पसा से गिरफ्तार कर पूछताछ की गई तो आरोपी ने पांच लाख रुपये चोरी करने की बात को स्वीकार कर लिया। इसमें से 75 हजार रुपये अपने शौक पर खर्च कर दिए। इससे पहले भी आरोपी ने कई वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस अन्य मामलों में भी आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी।