हथीन। स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर खंड शिक्षा विभाग हथीन की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा परेड एवं पीटी की रिहर्सल कराई गई। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रिहर्सल राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हथीन के प्रांगण में, जबकि परेड एवं पीटी की रिहर्सल अनाज मंडी हथीन में आयोजित की गई। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की अध्यक्षता राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हथीन के प्रधानाचार्य सत्यवीर सिंह ने की। सात विद्यालयों के विद्यार्थियों ने प्रस्तुतियां दीं, जबकि अनाज मंडी में चार विद्यालयों की टीमों ने पीटी व परेड का अभ्यास किया। खंड शिक्षा विभाग के नोडल अधिकारी रविंद्र दीक्षित ने बताया कि समारोह को भव्य बनाने के लिए विद्यार्थियों की लगातार रिहर्सल कराई जा रही है। खंड शिक्षा अधिकारी ओमपाल तेवतिया ने विद्यार्थियों के अनुशासन और उत्साह की सराहना की। संवाद