जिले में रिकॉर्ड 570 नए संक्रमित, दो की मौत
फरीदाबाद। कोरोना संक्रमण के सर्वाधिक रिकॉर्ड तोड़ मामले सोमवार को दर्ज किए गए। स्वास्थ्य विभाग ने 570 मामलों व दो मरीजों की मौत की पुष्टि की। इसी दौरान 525 मरीज संक्रमण मुक्त घोषित किए गए। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, सेक्टर-15ए में निवासी 83 वर्षीय और सेक्टर-21ए में रहने वाले 61 वर्षीय कोरोना संक्रमित की मौत बीते 24 घंटों में हुई है। जिले में अब तक 28674 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 26347 लोग स्वस्थ हुए हैं और 264 संक्रमितों की मौत हुई है। जिले में अब 2063 सक्रिय मामले हैं। अस्पतालों में 411 मरीज भर्ती हैं। वहीं, 1652 मरीज होम आइसोलेशन में हैं। फिलहाल 59 मरीजों की हालत गंभीर बनी हुई है। इनमें से 12 मरीज वेंटिलेटर पर हैं। कोविड-19 के नोडल अधिकारी डॉ. रामभगत ने बताया कि जिले में रिकवरी रेट 91.9 फीसदी बना हुआ है। अब 85 दिनों में कोरोना के मामले दोगुने हो रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग विभाग ने सोमवार को 2078 नमूने लिए हैं। इनमें से 548 नमूनों की रिपोर्ट आना बाकी है। अब तक 266140 सैंपल नमूने लिए जा चुके हैं और प्रति एक लाख की आबादी में 14785 नमूने लिए जा रहे हैं। ब्यूरो