संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। विजय दशमी के त्योहार पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर में 1500 से ज्यादा पुलिस कर्मी फील्ड में तैनात किए जाएंगे। जाम से बचने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। जिले के तीनों जोन एनआईटी, सेंट्रल तथा बल्लभगढ़ के दशहरा ग्राउंड व सेक्टर 16 सहित कई स्थानों पर समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मेलों का भी आयोजन किया जा रहा है। ऐसे में चप्पे -चप्पे पर पुलिस की तैनाती की गई है। सोमवार से ही पुलिस ने कार्यक्रम स्थलों के आसपास बेरीकेडिंग की व्यवस्था कर दी है। मंगलवार दोपहर से बड़ी संख्या में पुलिस की तैनाती भी कर दी जाएगी।
पुलिस आयुक्त राकेश आर्य का कहना है कि विजय दशमी बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। इस दौरान झांकियां निकालने के पश्चात शाम के समय रावण के पुतले का दहन किया जाता है। जिसमें कई प्रकार की आतिशबाजी का प्रयोग किया जाता है। मेला देखने के लिए भारी भीड़ एकत्रित होती है। इसका फायदा उठाकर कुछ असामाजिक तत्व अफवाह फैलाकर भगदड़ मचाते हैं और सामाजिक शांति भंग करने की कोशिश करते हैं। ऐसे लोगों से निपटने के लिए शहर के चप्पे-चप्पे पर पुलिस मौजूद रहेगी। पूरी सुरक्षा के बीच रावण दहन किया जाएगा। क्राइम ब्रांच की टीम सादी वर्दी में कार्यक्रम में उपस्थित रहकर उपद्रवियों पर निगरानी रखेगी। दशहरे के अवसर पर पुलिस की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। इस दौरान एसीपी स्तर के अधिकारी ड्यूटी इंचार्ज रहेंगे। पुलिस आयुक्त ने सभी क्राइम ब्रांच, थाना व ट्रैफिक अधिकारियों व कर्मचारियों को विशेष दिशा निर्देश दिए हैं।
ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन कर जाम से बचें
दशहरे के अवसर पर शहर में बहुत अधिक संख्या में वाहनों का आवागमन होता है। इस कारण ट्रैफिक जाम की समस्या उत्पन्न हो सकती है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि शाम के समय दशहरा कार्यक्रम स्थल के आसपास जाने से बचें और गंतव्य तक पहुंचने के लिए दूसरे रास्ते का चयन करें। भीड़ का फायदा उठाकर जेबकतरे लोगों के पैसे, पर्स या अन्य जरूरी सामान चोरी कर लेते हैं। लोग भीड़ में सचेत रहें और जेबकतरों से सावधान रहें। गहने व ज्यादा नकदी लेकर मेले में न जाएं।