अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। नवनियुक्त पुलिस आयुक्त राकेश कुमार आर्य ने दंगा नियंत्रण के लिए बनाई गई रैपिड एक्शन पुलिस फोर्स का शुक्रवार को अपने कार्यालय में निरीक्षण किया। दंगा नियंत्रण उपकरण से सुसज्जित पुलिसकर्मियों के उपकरण जांच कर हर तरह की परिस्थितियों से तुरंत निपटने और तैयार रहने के दिशा निर्देश दिए। नूंह हिंसा के बाद शहर में तीनों जोन में रैपिड एक्शन फोर्स को तैनात किया गया है।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि रैपिड एक्शन फोर्स प्रत्येक शनिवार को दंगा नियंत्रण से जुड़े सभी उपकरणों से लैस होकर अभ्यास करेगी। तीनों जोन में रैपिड एक्शन फोर्स की एक-एक टुकडी बनाई गई है, जिसमे प्रत्येक प्लाटून में 25 जवान होंगे। पुलिस आयुक्त कार्यालय की प्लाटून के अलावा प्रत्येक जोन में रैपिड एक्शन फोर्स के जोन के डीसीपी के अधीन होंगी। प्रत्येक प्लाटून का इंचार्ज एक सब इंस्पेक्टर होगा। इन कंपनियों को फरीदाबाद में किसी भी तरीके के दंगे या धरना प्रदर्शन में बलवा, आंदोलन के साथ धार्मिक, सांप्रदायिक, जातिगत या अन्य किसी कारण से उत्पन्न हुए दंगे इत्यादि के नियंत्रण के लिए रैपिड एक्शन फोर्स प्लाटून को तैयार किया गया है। किसी भी जोन में जरूरत पड़ने पर जोन के डीसीपी तुरंत दंगा नियंत्रण प्लाटून के साथ मौके पहुंच उपद्रवियों से निपटेंगे। बता दें कि नूंह हिंसा के बाद शहर में कई जगहों पर उपद्रव हुए थे और बाहर से पुलिस मंगानी पड़ी थी। ऐसे में अब तीनों पुलिस जोनों में रैपिड एक्शन फोर्स को लगा दिया है। इससे थाना पुलिस को ऐसे कार्य में जरूरत के अनुसार लगाया जाएगा।