फरीदाबाद में तेज रफ्तार अनियंत्रित ऑटो चलाना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। थाना मुजेसर क्षेत्र में ऑटो से गिरकर सवारी की मौत हो गई। मामले की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बिहार के जिला समस्तीपुर निवासी श्यामनंद ने बताया है कि 19 मई को परिवार व चाचा रामनरेश के साथ बिहार से फरीदाबाद आए थे। फरीदाबाद रेलवे स्टेशन से मुजेसर स्थित घर तक पहुंचने के लिए किराये पर एक ऑटो बुक किया। सभी ऑटो में बैठकर घर जा रहे थे।
इस दौरान ऑटो चालक तेज रफ्तार में ऑटो चला रहा था। कई बार उससे संभलकर ऑटो चलाने के लिए कहा। लेकिन चालक नहीं माना। इस दौरान बाटा चौक के पास ऑटो में चालक के बगल की सीट पर बैठे उनके चाचा रामनरेश सड़क पर गिर गए। इसमें उन्हें गंभीर चोट आई। गंभीर अवस्था में उन्हें बीके अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया। जहां उनकी मौत हो गई। श्यामानंद की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।