फरीदाबाद। थाना ओल्ड फरीदाबाद पुलिस की ओर से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में एंटी ड्रग जागरूकता एवं वेलनेस सेमिनार आयोजित किया गया। इसमें आचार्य कर्मवीर ने विद्यार्थियों और स्टाफ को तनावमुक्त जीवन जीने के तरीके बताए। उन्होंने प्राकृतिक चिकित्सा, योग, ध्यान और श्वसन अभ्यास के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की जानकारी दी। थाना प्रभारी ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशे से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों और स्टाफ ने आजीवन नशा नहीं करने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ ली। संवाद