गर्मी से आखों में जलन व सूखापन की समस्या बढ़ी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। चिलचिलाती धूप और गर्मी का असर आंखों पर पड़ रहा है। गर्म हवाएं आंखों को जला रही हैं। नागरिक अस्पताल में नेत्र रोगियों की संख्या में इजाफा हुआ है। प्रतिदिन 150 से 200 मरीज ओपीडी में पहुंच रहे हैं, जबकि आम दिनों में करीब 100 मरीज पहुंचते थे।
जिले का अधिकतम तापमान लगभग 40-41 डिग्री बना हुआ है। शुक्रवार को तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई, लेकिन गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान किया। गर्म व धूल भरी हवाओं के कारण आंखें लाल, जलन, खुजली व दर्द की शिकायतें आ रही हैं। नेत्र रोग विभाग की ओपीडी में 50 प्रतिशत मरीज आंखों में एलर्जी के आ रहे हैं। शुक्रवार को लगभग 200 मरीज आंखों की अलग-अलग समस्या को लेकर पहुंचे। इससे पहले बुधवार को 180, मंगलवार को 190 और सोमवार को 160 मरीज आंखों की समस्या लेकर पहुंचे। बीके अस्पताल की नेत्र रोग डॉ. अंशु प्रिया ने बताया कि गर्मी और एलर्जी के कारण आंखों में तकलीफ बढ़ गई है। मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों व नौकरी पेशा वाले लोगों को हो रही है। इन दिनों आंखों का ठीक प्रकार से देखभाल करने की आवश्यकता है। धूल, मिट्टी या तेज धूल भरी आंधी के दौरान आंखों को बचाएं। सफर या देर तक बाहर रहने के बाद आंखों को आराम दें। आंखों में दिक्कत होने पर डॉक्टरों से संपर्क करें।
-
लोगों से बातचीत
चार-पांच दिनों से बेटे की आंख में जलन हो रही है। रोज सुबह आंखें लाल हो जाती हैं। सूखापन और जलन भी है, डॉक्टरों ने इंफेक्शन बताया है।
-संतोषी, मुजेसर।
सुबह-सुबह ही तेज धूप निकल जाती है, बढ़ती गर्मी से आंखों में जलन की समस्या बनी हुई है। आंखों की जांच कराई है।
-शालिनी शर्मा, एनआईटी।
निभा रजक