फरीदाबाद। क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 की टीम ने जहरीली शराब बेचने के आरोप में 25 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी जो शराब बेचता था, उससे लॉकडाउन के समय बल्लभगढ़ इलाके में एक युवक की जान चली गई थी। इसके साथ ही कुछ लोगों की आंखों की रोशनी भी चली गई थी। आरोपी जहरीली शराब की बोतल पर ब्रांडेड शराब की हॉलमार्क, ढक्कन व लेवल लगाकर सप्लाई करता था। आरोपी की पहचान दिल्ली के करावल निवासी ब्रह्मपाल के रूप में हुई है। हरियाणा पुलिस की तरफ से आरोपी पर 25 हजार का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस जांच में आरोपी के बारे में पता लगा कि वह अपने दोस्त के साथ मिलकर नकली शराब पर मंहगी ब्रांडेड शराब का लेवल और हॉलमार्क लगाकर शहर के विभिन्न इलाकों में सप्लाई करता था। आरोपी के खिलाफ सदर बल्लभगढ़, छायंसा और डबुआ थाना में उत्पाद अधिनियम, कॉपीराइट अधिनियम के अलावा अन्य कई धाराओं में मामला दर्ज है। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए छिपता फिर रहा था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर उससे पूछताछ के लिए दो दिनों की रिमांड पर लिया था। रिमांड के दौरान आरोपी ने कई अहम जानकारी पुलिस को दीं।