फरीदाबाद। सेक्टर-12 खेल परिसर से लौट रहे खिलाड़ी प्रियांशु की हत्या में इस्तेमाल चाकू पुलिस ने बरामद कर लिया है। आरोपी को यह चाकू उसके दोस्त अभिषेक ने दिया था। पुलिस ने अभिषेक व प्रियांशु के भाई दीपक को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि अभिषेक करीब एक साल पहले हरिद्वार घूमने गया था। वहां से चाकू लाया और घर में रख रखा था। अभ्यास के दौरान प्रियांशु से हुए झगड़े की बात अजय ने अपने दोस्त अभिषेक को बताई थी। इस पर अभिषेक ने उसे घर से लाकर चाकू दे दिया और बदला लेने की बात कही।
क्राइम ब्रांच डीएलएफ प्रभारी राजीव कुमार ने बताया मुख्य आरोपी अजय के साथ उसके भाई दीपक व दोस्त अभिषेक को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी अजय और दीपक भाई हैं। आरोपी अभिषेक मुख्य आरोपी का दोस्त है। वारदात को अंजाम देने के बाद अजय घर गया और अपने भाई दीपक को घटना के बारे में बता दिया। दीपक (25) ने कपडे़ से चाकू पर लगा खून साफ किया और अजय को भगा दिया। आरोपी अभिषेक (19) को मलेरना रोड से तथा आरोपी दीपक को बल्लभगढ़ से गिरफ्तार किया गया है। दीपक एक कंपनी में सहायक का काम करता है। अभिषेक नशेड़ी किस्म का है। पुलिस ने दीपक को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया। आरोपी अजय और अभिषेक को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया गया है।