- नववर्ष की पार्टी के बाद सुरक्षा को लेकर पुलिस आयुक्त ने नई गठित पुलिस टीम को जारी किए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। नए साल की पार्टी करने के बाद देर रात सवारी नहीं मिली तो पुलिस की दुर्गा शक्ति टीम महिलाओं को घर पहुंचाएगी। इसके लिए पुलिस आयुक्त ने निर्देश जारी किए हैं। टीम में महिला पुलिस कर्मी की तैनाती रहेगी। इसके लिए जरूरतमंद महिला को डायल 112 पर फोन करना होगा। इसके अलावा महिला के पास संबंधित थाने के नंबर है तो भी पुलिस की मदद ली जा सकती है। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के जश्न में पुलिस भंग जरूर डाल सकती है। यातायात पुलिस के शहर में 16 अस्थाई नाके अलग से लगाएगी। थाना व क्राइम ब्रांच की टीम जगह-जगह 70 से ज्यादा नाके लगाकर वाहनों की जांच करेगी।
शहर के सभी मॉल, शॉपिंग कॉम्पलेक्स, होटल और रेस्टोरेंट में नए साल के जश्न को लेकर तैयारी की गई है। अधिकांश जगहों पर नये साल के जश्न के दौरान नाच-गाने के साथ शराब भी परोसी जाएगी। कार्यक्रम में महिलाएं और बच्चे भी शामिल होंगे। इनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने आयोजकों को हिदायत दे रखी है। आयोजकों को कार्यक्रम के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए है। आने वाले अतिथियों के पहचान पत्र, नाम-पता के साथ पता व मोबाइल नंबर अंकित करने को कहा गया है। इसके साथ ही निजी सुरक्षा कर्मी की तैनाती भी जरूरी है। कार्यक्रम स्थलों पर आग जैसी घटनाओं से बचाव के लिए फायर एग्जीग्यूटर, बाल्टी आदि में रेत भरकर रखने की भी हिदायत दी गई है। करीब 1500 पुलिस कर्मी फील्ड में तैनात किए हैं। इसके साथ ही क्राइम ब्रांच की टीमें सादा कपड़ों में निगरानी करेंगी।