- दंगा नियंत्रण के लिए बनाई गईं पुलिस की 4 कंपनियों और रैपिड एक्शन फोर्स ने संयुक्त अभ्यास किया
- जिले की सीमा से लगते 6 इंटरस्टेट और 7 इंटर डिस्ट्रिक्ट सभी 13 नाकों पर पुलिस तैनात
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। नूंह में एक बार फिर विश्व हिंदू संगठन और बजरंग दल की ओर से जलाभिषेक यात्रा निकाले जाने की चेतावनी के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। रविवार को पुलिस आयुक्त राकेश कुमार आर्य के निर्देश पर सेक्टर 30 पुलिस लाइन में दंगा नियंत्रण के लिए तैनात पुलिस की चार कंपनियों और रैपिड एक्शन फोर्स ने संयुक्त अभ्यास किया। डीसीपी एनआईटी नरेंद्र कादियान के मार्गदर्शन में कंपनी कमांडर एसीपी अमन यादव, एसीपी मुनीष सहगल सहित आरएएफ कंपनी कमांडर और उनकी टीम ने सभी जवानों को मॉक ड्रिल कराई।
पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि शहर में सुरक्षा के मद्देजनर प्रस्तावित ब्रजमंडल यात्रा को सरकार की तरफ से निकालने की अनुमति नहीं दी गई है। वहीं यात्रा निकाले जाने को लेकर सोशल मीडिया पर मैसेज प्रसारित हो रहे हैं, जिसे देखते हुए शहर में सतर्कता बढ़ा दी गई है। पुलिस के सभी थाना प्रबंधकों द्वारा क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों, आरडब्ल्यूए प्रधान आदि को आगाह कर दिया गया है। दिल्ली, यूपी और पलवल से सटी सीमा पर नाके लगाकर जांच की जा रही है। नाका दुर्गा बिल्डर नाका (थाना पल्ला ), सराय टोल प्लाजा ( थाना सराय ), बदरपुर बाॅर्डर बाईपास (थाना सराय), धनकौर केजीपी मार्ग (थाना छांयसा), हीरापुल केजीपी मार्ग (थाना छायसा), मोहना/अमरपुर नाका सीकरी चौकी के सामने (थाना सेक्टर-58) दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेस पर केली फ्लाईओवर के पास, नाका सिकरौना चौकी (थाना सेक्टर-58 ), खोरी जमालपुर( थाना धौज), मांगर बार्डर गुरुग्राम फरीदाबाद पहाड़ी मार्ग (थाना धौज), सूरजकुंड गोल चक्कर आदि पर जगह-जगह नाके लगाकर वाहन चालकों की सख्ती से जांच की जा रही है। इसके बाद ही उन्हें प्रवेश दिया जा रहा है। पुलिस फोर्स 24 घंटे नाकाें पर मौजूद है। पुलिस कर्मियों की शिफ्ट में ड्यूटी लगाई गई है। साइबर पुलिस टीम के द्वारा लगातार सोशल मीडिया पर पैनी नजर रखी जा रही है। किसी भी असामाजिक तत्व को समाज में अशांति फैलाने नहीं दी जाएगी। इसके साथ ही सभी थानाें की पुलिस अलर्ट है।
क्राइम ब्रांच सादा वर्दी में कर रही गश्त
क्राइम ब्रांच की टीमें लगातार फरीदाबाद में सिविल ड्रेस (सादा वर्दी) में गश्त कर रही हैं। 28 अगस्त को नूंह में प्रस्तावित यात्रा को मंजूरी नहीं दी गई है फिर भी कुछ लोग अफवाह फैला रहे हैं कि मंजूरी दे दी गई है। सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म, व्हाट्सएप आदि पर लोगों से यात्रा में शामिल होने के लिए आह्वान किया जा रहा है। ऐसे व्यक्तियों पर निगरानी रखी जा रही है। इन पर भड़काऊ न्यूज, हेट स्पीच से संबंधित आपत्तिजनक सामग्री चलाने वाले, प्रसारित करने वाले यूट्यूब चैनल, फेसबुक, व्हाट्सएप ग्रुप सहित ट्विटर और टेलीग्राम आदि पर भी निगरानी रखी जा रही है। सरकारी आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। भड़काऊ सामग्री वाले यूट्यूब चैनल व फेसबुक पेज/पोर्टल बंद किए जा रहे हैं। आपत्तिजनक सामग्री आदि पोस्ट करने या फॉरवर्ड करने वालों पर भी निगरानी रखी जा रही है। ऐसा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों की अपील है कि आमजन किसी के बहकावे में ना आएं, फरीदाबाद की अमन शांति के लिए पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।